माध्यमिक खेल समिति की तरफ से मंगलवार को सादुल्लाहनगर के हाजी इस्माइल इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अरुण पांडेय, राजकमल व अब्दुल रहमान विजेता बने। जिला विद्यालय मृदुला आनंद के निर्देशन में आयोजित जनपद स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में एमपीपी इंटर कॉलेज, हाजी इस्माइल इंटर कॉलेज सादुल्लाहनगर, बलरामपुर माडर्न इंटर कॉलेज, एजी हाशमी इंटर कॉलेज सादुल्लाहनगर की टीमों में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य शाहिद अकबर ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त करके किया। पहले मैच 40 किलोग्राम भार वर्ग में एमपीपी इंटर कॉलेज के अरुण पांडेय ने एजी हाशमी कॉलेज के नौशाद को पराजित किया। 45 किलोग्राम वर्ग में बलरामपुर माडर्न इंटर कॉलेज के राज कमल ने हाजी इस्माइल कॉलेज सऊर को पराजित किया। इसी तरह 50 किलोग्राम भार वर्ग में एकल प्रतिभागी होने पर हाजी इस्माइल कॉलेज के अब्दुल रहमान को विजेता घोषित किया गया। विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला खेल सचिव मोहम्मद सुहेल ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागी अब मंडलीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। आठ सितंबर को श्रावस्ती में मंडलीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। खेल प्रशिक्षक अभय शंकर कुशील, नवीन पाल, पंकज पांडेय, उमेश तिवारी, अर्पण पांडेय, नसीम अहमद, प्रवेश कुमार, जुनेद रहमान, अब्दुल बारी, अब्दुल अजीम व मोहम्मद सईद आदि मौजूद रहे।