बलरामपुर। जनपद में खाद नहीं मिलने से किसानों का गुस्सा शनिवार को सड़क पर उतर आया। शहर के मंडी गेट पर सैकड़ों किसानों ने चक्का जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। किसानों का कहना था कि बारिश के बाद फसलों के लिए खाद की तत्काल आवश्यकता है, लेकिन समय पर उपलब्धता न होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। सुबह से ही किसान खाद लेने के लिए समिति पर पहुंचने लगे थे। लंबी कतारें लगने के बावजूद जब वितरण शुरू नहीं हुआ तो किसानों का आक्रोश बढ़ गया। देखते ही देखते नाराज किसानों ने मंडी गेट के पास सड़क जाम कर दी और नारेबाजी करने लगे। जाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किसानों को समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शन कर रहे किसान रामलाल, शिवकुमार, ननकऊ प्रसाद व हरिनारायण ने बताया कि बारिश के बाद खेतों में खाद डालना जरूरी हो गया है, लेकिन व्यवस्था ठीक न होने से उन्हें दिक्कत हो रही है। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद अधिकारियों की समझाइश पर किसान शांत हुए और रास्ता खाली किया गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। प्रभारी एआर सहकारिता राजेश यादव ने बताया कि बारिश होने के कारण अचानक बड़ी संख्या में किसान समिति पर पहुंच गए थे। इसी दौरान वितरण मशीन में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे खाद वितरण प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि मशीन ठीक होते ही तत्काल वितरण शुरू करा दिया गया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।