बलरामपुर। कोतवाली उतरौला क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी विशाल पांडेय उम्र 28 वर्ष बुधवार को गौरा चौराहा बाजार आया था। बुधवार की रात बाजार से साढ़े आठ बजे अपने घर पिपराघाट पहुंचा। विशाल ने उस समय अपने मित्र ज्ञानचंद को फोन करके बताया कि उसे कुछ लोग घाट पर रोक लिए हैं और रूपया मांग रहे हैं। बताया कि रूपये न देने पर नदी में फेंकने की धमकी दे रहे हैं। ज्ञानचंद ने बताया कि इसके बाद फोन कट गया। परिजनों को इसकी जानकारी दी, परिजन बड़े भाई विनीत पांडेय और चचेरे भाई अजीत पांडेय मौके पर गांव वालों के साथ रात में पहुंचे। बाइक पड़ी थी, मौके से युवक गायब था। इसकी सूचना पुलिस को दी, बृहस्पतिवार को पुलिस ने मौके पर जांच किया। एसपी विकास कुमार ने बताया कि छानबीन की जा रही है। उन्होंने नदी में भी तलाश शुरु कराने की बात कही है। नदी में एनडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान शुरू कर दिया है। एसपी ने बताया कि नदी में तलाश हो रही है, इसके अलावा अन्य पहलुओं की जांच हो रही है।