जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बृहस्पतिवार को जिला मेमोरियल चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, वार्ड, लैब में स्वास्थ्य सुविधाओं का आकलन किया। जिलाधिकारी ने ओपीडी में चिकित्सकों की उपस्थिति, मरीजों के पंजीकरण, परामर्श एवं दवा वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। मरीज और उनके तीमारदारों से संवाद कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सालय में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, सीएमएस डॉ. हीरा लाल, डॉ. गिरधर चौहान, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. ऋषि श्रीवास्तव, डॉ. पंकज वर्मा व डॉ. उमेश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।