बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने मंगलवार को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष किताबुनिशा के आवास पर बूथ सेक्टर समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ और सेक्टर स्तर पर संगठन की स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कहा कि विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए बूथ और सेक्टर स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने की अपील की। इसके बाद विश्वनाथ पाल ने बारह रबीउल अव्वल के अवसर पर क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक के दौरान गैसड़ी क्षेत्र में 24 अगस्त को तेंदुए के हमले में मारी गईं 88 भेड़ों का मामला भी उठाया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने खरगौरा निवासी भेड़ पालक कन्हैयालाल पाल और विजय पाल को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि तेंदुए के हमले में बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत से दोनों परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ितों को प्रशासन की ओर से उचित आर्थिक सहयोग दिया जाना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य मंडल प्रभारी राजू गौतम, इरफान अहमद, लालचंद्र कोरी, बसपा नेता शाबान अली, जिलाध्यक्ष हरिराम बौद्ध, पिछड़ावर्ग जिलाध्यक्ष काशीराम समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।