नेपाल के स्वर्गद्वारी स्थित प्रभूनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो बृहस्पतिवार को कोयलाबास के पास पहाड़ी मार्ग पर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 11 लोग घायल हो गए। वाहन में करीब 11 लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार हरैया सतघरवा क्षेत्र के भयापुरवा गांव निवासी सहजराम अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ बुधवार को दर्शन के लिए नेपाल गए थे। लौटते समय कोयलाबास की उतराई पर बोलेरो का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा गिरी। हादसे के बाद नेपाल पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तुलसीपुर पहुंचाया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुजीत ने बताया कि राधेश्याम (30), रवींद्र कुमार (45), ऊषा देवी (37), लीला देवी (55), रेनू देवी (25), सुनीता (40) और फुलसा देवी (55) को गंभीर चोटें आने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं प्रमोद (17), अक्षय (7), शुभम (5) और चालक राजेंद्र (38) का उपचार कर घर भेज दिया गया। घायलों के रिश्तेदार राधेश्याम ने बताया कि सभी लोग प्रभूनाथ मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। जिला अस्पताल में गंभीर घायलों का उपचार जारी है।