महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न मामले में राउज़ एवेन्यू कोर्ट से पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने के बाद सोमवार को चाउरखाता मंदिर परिसर में उनके समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान समर्थकों ने फैसले का स्वागत करते हुए इसे सच्चाई की जीत बताया। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि अदालत के फैसले से यह स्पष्ट हो गया है कि सत्य की हमेशा जीत होती है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका पर सभी को विश्वास रखना चाहिए और अदालत के निर्णय का सम्मान करना चाहिए। समीर सिद्दीकी ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह हमेशा गरीबों, वंचितों और मजलूमों के हितों के लिए संघर्ष करते रहे हैं। उन्होंने कभी किसी के साथ अन्याय नहीं किया। अदालत के फैसले से उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। इस दौरान जगदंबा सिंह, चंदन सिंह, रोहित जायसवाल, राधेश्याम यादव, छोटकऊ पासवान, कृष्ण मोहन मिश्रा और जय प्रकाश गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए न्यायालय के फैसले का स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि यह फैसला न्याय व्यवस्था में लोगों के विश्वास को और मजबूत करने वाला है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। इस अवसर पर मयाराम यादव, लक्ष्मण प्रसाद, कैश बाबू मिश्रा, राजकुमार शर्मा, विवेक सिंह सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।