बलरामपुर: तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें सुनने के साथ ही संबंधित लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों से भी सीधे जानकारी ली। उन्होंने शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाधान दिवस में राजस्व संबंधी शिकायतों की भरमार रही। ग्राम देवरिया मुबारकपुर की मालती देवी ने संक्रमणीय भूमिधर घोषित न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं फगुइया निवासी ने निजी रास्ते की भूमि पर जबरन निर्माण कराए जाने से रोक लगाने की मांग की। बशीर ने बाजारी बाग प्रकरण में उच्च न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराने की गुहार लगाई। सत्यप्रकाश ने चकमार्ग से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की, जबकि परशुरामपुर के एक शिकायतकर्ता ने बंटवारा वाद न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद भूमि पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत की। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपजिलाधिकारी योगेंद्र शरण शाह, तहसीलदार वीरेंद्र प्रताप, नायब तहसीलदार प्रतिमा मौर्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।