बलरामपुर शहर के झारखंडी मंदिर के पास फजलगंज डिपो की बस महिला पीआरडी की स्कूटी से टकरा गई। इससे खफा महिला पीआरडी पूनम बस में चढ़ी और चालक को नीचे उतारा। बेतरतीब ढंग से बस खड़ा करने और राहगीरों की परेशानी पर कहासुनी होने लगी। गुस्से में महिला पीआरडी ने चालक का कालर पकड़ा और थप्पड़ जड़ दिया। शाम करीब पांच बजे महिला पीआरडी के थप्पड़ मारने पर अन्य बस चालक भी नाराज हो गए। बस के यात्रियों ने भी नाराजगी जताई और महिला पीआरडी को घेर लिया। देखते ही देखते बहराइच मार्ग पर जाम लग गया। मौके पर सीओ ज्योतिश्री पहुंची और उन्होंने मामले को संभाला। बस चालक बृजेंद्र कुमार यादव को समझाया और किसी तरह महिला पीआरडी को बाहर कर दिया। इसके साथ ही जाम हटाया। करीब एक घंटे तक विवाद को लेकर हंगामा होता रहा। बस चालक ने अभद्रता करने का आरोप महिला पीआरडी पर लगाया और पूरी जानकारी एआरएम को दी। फिलहाल चालक ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। एआरएम गोपीनाथ दीक्षित ने बताया कि बस चालक से बातचीत की गई है। उससे मिली जानकारी की रिपोर्ट अधिकारियों को भेजा जा रहा है। बस चालकों से वार्ता कर मामले का निस्तारण किया गया है, किसी तरह की कोई विपरीत स्थिति नहीं है।