छुट्टी के दिन ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए रविवार को 24 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 2256 मरीजों का उपचार कर दवा वितरित की गई। मेले में आने वाले मरीजों को मौसम संबंधी बीमारियों के बारे में जानकारी दी गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया में दोपहर 1.20 बजे प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जावेद अख्तर व चिकित्साधिकारी डॉ. मोहसिन अली सिद्दीकी मरीजों का इलाज करते मिले। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि अब 25 मरीजों का इलाज किया गया है। मरीजों को मौसम से संबंधित बीमारियों के बारे में जानकारी दी गई। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया व हरिहरगंज में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। सीएमओ ने चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी मरीज को बाहर की दवा व जांच न लिखे। अस्पताल आने वाले मरीजों को मुफ्त में दवा व जांच की सुविधा मुहैया कराया। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में कुल 2256 मरीजों का उपचार किया गया है। इसमें 948 पुरुष, 762 महिला तथा 546 बच्चे शामिल हैं।