संत निरंकारी मिशन के आध्यात्मिक गुरू बाबा हरदेव सिंह महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को राप्ती नदी के सिसई घाट पर स्वच्छ जल स्वच्छ मन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। निरंकारी मिशन के भक्तों ने नदी के तट पर साफ-सफाई करके स्वच्छता का संकल्प लिया। इस दौरान विश्व शांति एवं मानव कल्याण के लिए प्रार्थना भी की गई। स्वच्छ जल स्वच्छ कार्यक्रम के तहत निरंकारी मिशन के महिला व पुरुष सेवादल के कार्यकर्ताओं ने श्रमदान करते हुए नदी के दोनों तट, सीढ़ी तथा घाट के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई की गई। घाट पर पड़े पुराने कपड़े व पालीथीन आदि को हटाया गया। निरंकारी मिशन बलरामपुर के जिला प्रमुख राम अवतार मुखी ने कार्यकर्ताओं को साफ-सफाई का महत्व समझाते हुए स्वच्छता का संकल्प दिलाया। उन्होंने बताया कि बाबा हरदेव सिंह महराज की जयंती के उपलक्ष्य में निरंकारी मिशन की तरफ से आज पूरे देश में स्वच्छ जल स्वच्छ मन कार्यक्रम के तहत नदी, नहर व कुआं आदि जलस्रोतों की सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने ईश वंदना कर विश्व शांति एवं मानव कल्याण के लिए प्रार्थना भी की। इसके बाद लंगर का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर सेवादल के संचालक अशोक कुमार, ओंकारनाथ पटेल, मिथलेश, रेखा, स्वामीनाथ मौर्या, रामरंग, रामसनेही, काजोल, आशु कटियार व शुभम सहित सेवादल के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।