उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य जनक नंदिनी बुधवार को जिले के भ्रमण पर पहुंचीं। उन्होंने सुबह 11 बजे संयुक्त जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के लिए नौ हजार रुपये लेने वाले सर्जन के लिए खिलाफ कार्रवाई न होने पर काफी नाराजगी जताई। आयोग की सदस्य ने ओपीडी का निरीक्षण किया। ओपीडी रजिस्टर देखने पर हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. केके बरनवाल काफी दिनों से अवकाश पर पाए गए। इस पर आयोग की सदस्य ने नाराजगी जताते हुए चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश सीएसएम को दिया। अल्ट्रासाउंड कक्ष बंद पाया गया। इसके बाद आयोग की सदस्य ने उतरौला ब्लॉक में जन सुनवाई कार्यक्रम में शामिल हुईं। महिलाओं को समस्याएं सुनी। जिला प्रोबेशन अधिकारी को घरेलू हिंसा की शिकार हुई महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने का निर्देश दिया। कहा कि घरेलू हिंसा व दुष्कर्म पीड़िताओं को न्याय के लिए भटकना न पड़े, इस पर अधिकारी ध्यान दें। महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि अप्रैल माह में उन्होंने संयुक्त जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान एक महिला मरीज ने पथरी के ऑपरेशन के लिए सर्जन द्वारा नौ हजार रुपये लेने की शिकायत की थी। मरीज की शिकायत पर सर्जन के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश सीएमएस को दिया था। एक महीना बीतने के बाद भी सर्जन के लिए कोई कार्रवाई नहीं हुई। सर्जन ओपीडी करते मिले। उन्होंने सर्जन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी रिपोर्ट मांगी है।