बलरामपुर के तुलसीपुर क्षेत्र में चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर भुर्जी समाज की पारंपरिक पद यात्रा इस वर्ष भी श्रद्धा और आस्था के साथ शक्तिपीठ देवीपाटन धाम पहुंची। अयोध्या से शुरू हुई इस पदयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने करीब 200 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर मां पाटेश्वरी के दरबार में मत्था टेका। यात्रा का नेतृत्व समाज के महंत शत्रुघ्न भुजवा ने किया। रास्ते भर श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए और मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने सूर्यकुंड में स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद सामूहिक हवन का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने आहुतियां देकर सुख-समृद्धि की कामना की। पदयात्रियों के स्वागत के लिए स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से अभिनंदन किया और जलपान की व्यवस्था भी की। भुर्जी समाज के लोगों का मानना है कि यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है और अष्टमी के दिन मां पाटेश्वरी के दर्शन से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। श्रद्धालुओं ने बताया कि लंबी पदयात्रा के बावजूद उत्साह में कोई कमी नहीं रहती। मंदिर प्रशासन की ओर से पदयात्रियों के लिए दर्शन, सुरक्षा और विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिली।