क्षेत्र के मनियर दियरा टुकड़ा नंबर दो निवासी वीरबहादुर राजभर के घर में बृहस्पतिवार को अज्ञात कारणों से लगी आग से पांच परिवारों का आशियाना जलकर खाक हो गया। इस दौरान पछुआ हवा ने आग में घी डालने का काम किया। आग में दो बकरियां झुलस कर मर गई। वहीं आग बुझाने के प्रयास में एक महिला भी झुलस गई। जिसका उपचार चल रहा है। उधर, स्थानीय लोगों ने पंपिंग सेट चालू करके किसी तरह से आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार वीर बहादुर राजभर के घर से अचानक आग की लपटें दिखाई देने लगी। लोग कुछ समझ पाए तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते-देखते धनजी राजभर, मुन्ना राजभर, वीर बहादुर राजभर, जितेंद्र राजभर पुत्र गण रामनाथ राजभर एवं चंदन राजभर पुत्र धन जी राजभर की रिहायशी झोपड़ी को अपने जद में ले लिया, जिससे झोपडि़यों में रखा घर गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में मुन्ना राजभर की दो बकरी भी जल कर मर गई। वहीं, वीर बहादुर की पत्नी कोशिला देवी 35 वर्ष आग बुझाते समय झुलस गई। जिसका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पर हुआ। प्रधान जवाहर राजभर ने घायल महिला का इलाज कराया। सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी काफी देर से मौके पर पहुंची। वहीं, घटना की सूचना पाकर लेखपाल नवीन श्रीवास्तव मौके कि जांच पड़ताल की। सपा नेता ललन राजभर व मोहन राजभर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में मदद की तथा पीड़ितों को सांत्वना दी।