शिक्षा क्षेत्र रेवती अंतर्गत रेवती नगर पंचायत के वार्ड नंबर आठ स्थित कंपोजिट विद्यालय में कक्षा एक छात्र द्वारा आइसक्रीम खरीदने से नाराज एक शिक्षक ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। शिक्षक की पिटाई से छात्र के हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई है। इससे छात्र न सिर्फ सदमे, बल्कि बहवास स्थिति में है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर,छात्र का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में छात्र डरा सहमा दिख रहा है। वह बता रहा है कि बर्फ खरीदने गया था, लौटा तो सर जी ने उसे डंडे से मारा। छात्र पीटने वाले शिक्षक का नाम भी बता रहा है। वायरल वीडियो में छात्र के शरीर पर छड़ी के चोट से बने निशान भी दिख रहा है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं, वीडियो का संज्ञान बीएसए मनीष कुमार सिंह ने लेते हुए ने कहा है कि खंड शिक्षा अधिकारी को जांच सौंपी गई है। रिपोर्ट मिलते ही संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।