बलिया जिले में सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक व दो के बीच में तीन नंबर रेलवे ट्रैक पर माघ मेला स्पेशल के 14 कोच पिछले 15 दिनों से खड़े हैं। इससे लोगों को प्लेटफार्म एक से दो पर अथवा प्लेटफार्म नंबर दो से एक पर तथा उत्तरी दियराचंल के लोगों को मुख्य बाजार में आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे ट्रैक जाम हो जाने के कारण लोगों को कोच के नीचे घुसकर निकलना पड़ रहा है। इससे लोगों के जान पर जोखिम उत्पन्न हो रहा है। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से आग्रह किया है कि इस खाली रेल कोच को वहां से हटा दिया जाए अथवा स्टेशन के पूर्वी छोर अथवा पश्चिमी छोर पर खड़ा कर दिया जाए। ताकि रेलवे ट्रैक खाली हो सके। लोग सुगमता से एक दूसरे प्लेटफार्म पर आ-जा सकें। स्टेशन मास्टर टीएन यादव ने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है। उम्मीद है जल्दी रेलवे ट्रैक खाली हो जाएगा।