बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र के अराजी माफी सागरपाली गांव के सामने बृहस्पतिवार ती देर शाम एनएच-31 के किनारे खड़े सीताराम साहनी (70) को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार अराजी माफी निवासी सीताराम साहनी पुत्र रघुनाथ साहनी एनएच-31 के किनारे खड़े थे। फेफना की ओर से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि बाइक चालक सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल मोटरसाइकिल चालक की पहचान बृजेश कुमार सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी रसड़ा पश्चिम टोला के रूप में हुई है। वह अपनी बहन से मिलने बलिया जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। मृतक सीताराम साहनी अपने पीछे पत्नी दुलरिया देवी और पुत्र अनिल कुमार साहनी समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।