बैरिया के दुर्जनपुर-सुरेमनपुर मार्ग से सुरेमनपुर हनुमान मंदिर से घुरहू राम के डेरा तक करीब 600 मीटर सीसी सड़क निर्माण में मानक विहीन होने का आरोप लगा प्रधान प्रतिनिधि प्रमोद यादव के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रोक दिया। ग्रामीणों के शिकायत पर पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं ने संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाई। तय हुआ जितना कार्य हुआ है उस कार्य को सुधार कर मानक के अनुरूप सड़क की ढलाई कराई जाएगी। दुर्जनपुर-सुरेमनपुर मार्ग से दर्जनों गांव के हजारों लोग चारपहिया, दोपहिया, साइकिल, पैदल यात्रा करते हैं। क्षेत्र के हनुमानगंज, देवपुरमठिया, नवकागांव, झरकटहा, श्रीनगर, दलछपरा, दुर्जनपुर, नारायणगढ़, हेमन्तपुर, सुरेमनपुर, गंगापुर आदि गांव के लोगों के लिए स्टेशन, बाजार, तहसील मुख्यालय जाने के लिए यही एक मुख्य मार्ग है। इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए है। सड़क अत्यंत जर्जर स्थिति में है। मौजूदा समय में सुरेमनपुर-हनुमान मंदिर से घोरहु राम के डेरा तक करीब 600 मीटर सीसी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। बुधवार को 40 मीटर लंबाई में छह इंच का ढलाई की गई थी। ग्राम प्रधान प्रतिनधि प्रमोद यादव ने बताया की मानक छह इंच का है, लेकिन ढाई से तीन इंच की मोटाई में ढलाई की जा रही थी। ग्राम प्रधान ने इसकी सूचना पीडब्ल्यूडी को दी। अभियंता अमित कुमार सिंह ने संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाई। इसके बाद काम को सुधार करने का आदेश दिया। आदेश के बाद निर्माण कार्य शुरू हो गया। इस बाबत अवर अभियंता अमित कुमार ने बताया की मानक के अनुरूप सड़क का निर्माण होगा। अन्यथा की स्थिति में संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।