बलिया जिले के फेफना थाना के खोरीपाकर गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार अविनाश प्रजापति (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। ट्रामा सेंटर में चिकित्सक के अभाव में परिजन घायल अविनाश को इलाज के लिए इमरजेंसी व ट्रामा सेंटर के बीच चक्कर लगाते रहे। इमरजेंसी के चिकित्सक ने ट्रामा सेंटर की जिम्मेदारी बता कर देखने से इंकार कर दिया। ट्रामा सेंटर में चिकित्सक न होने से दर्द से तड़पते अविनाश की मौत हो गई। इलाज अभाव में अविनाश को मरता देख परिजनों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामला को शांत करने में जुट गई। वहीं परिजन लापरवाह चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए। अस्पताल में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। इस बाबत सीएमएस डॉक्टर एसके यादव ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक की जांच की जा रही है। शिकायत मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।