रुपईडीहा, बहराइच। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर शुक्रवार को श्रीराम जानकी एजुकेशनल सोसाइटी, आचार्य रमेश चंद्र एजुकेशनल सोसाइटी एवं लॉर्ड बुद्धा एजुकेशनल सोसाइटी से संबद्ध विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भव्य प्रभात फेरी एवं तिरंगा यात्रा निकाली। करीब एक किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा में हजारों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा में रामजानकी इंटर कॉलेज, आचार्य रमेश चंद्र गर्ल्स इंटर कॉलेज, आचार्य रमेश चंद्र फार्मा कॉलेज तथा लॉर्ड बुद्धा कॉलेज ऑफ फार्मेसी के विद्यार्थी शामिल रहे। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे विद्यार्थियों ने पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। यात्रा में केदारनाथ और राम मंदिर की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और वेशभूषा को प्रदर्शित करने वाली झांकियां भी निकाली गईं। पंजाबी और झारखंडी परिधानों सहित विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक यशपाल, डायरेक्टर हरीश चंद्र, आनंद प्रताप श्रीवास्तव, रुद्र सेन वर्मा, सुभाष चंद्र जैन, दिवाकर पाठक, एसएसबी 42वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार, इंस्पेक्टर अभिषेक त्रिपाठी तथा रुपईडीहा के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र मिश्रा सहित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और हजारों की संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर आयोजित इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विविधता के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा। केपीएम स्कूल रूपईडीहा के छात्र छात्राओं द्वारा भी तिरंगा यात्रा निकाली गई।