नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए चार महत्वपूर्ण स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. उमाशंकर वैश्य ने स्थानीय नागरिकों एवं वार्डवासियों की उपस्थिति में पूजन-अर्चन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। शुभारंभ किए गए कार्यों में रुपईडीहा गांव वार्ड के पानी टंकी से आईसीपी रोड तक का मार्ग, निधि नगर पोखरा से एमआरएफ सेंटर तक जाने वाली सड़क, सरस्वती वार्ड स्थित सरस्वती मंदिर तक की सड़क तथा शमशान घाट परिसर के अंदर की सड़क का निर्माण शामिल है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और नगर पंचायत की आधारभूत संरचना और अधिक सुदृढ़ होगी। इस अवसर पर डॉ. उमाशंकर वैश्य ने कहा कि नगर पंचायत रुपईडीहा में व्यापक विकास कार्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लंबे समय से उपेक्षित मार्गों के निर्माण से लोगों की दैनिक समस्याएं दूर होंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि लक्ष्य है प्रत्येक वार्ड में बेहतर सड़कें, स्वच्छ वातावरण और मजबूत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर रुपईडीहा को एक आदर्श नगर पंचायत के रूप में विकसित करना। कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत कर्मियों सहित संबंधित वार्डों के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।