रामगोपाल गुप्ता हत्याकांड को लेकर पीड़िता रोली मिश्रा अब भी न्याय के लिए संघर्ष कर रही हैं। उनका कहना है कि डेढ़ वर्ष बीतने के बावजूद उन्हें अभी तक न्याय नहीं मिला है। रोली मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि उनके पति के कातिलों को सिर्फ फांसी की सजा दी जानी चाहिए, यही उनकी एकमात्र मांग है। रोली मिश्रा ने सवाल उठाया कि जिन तीन आरोपियों को रिहा किया गया उन्हें आखिर क्यों छोड़ा गया? उनका कहना है कि सभी नामजद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और किसी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए। सरकार द्वारा मिली नौकरी पर उन्होंने कहा कि वे नौकरी पर सवाल नहीं उठा रहीं लेकिन मात्र पांच हजार रुपये मानदेय में उनका पेट्रोल तक का खर्च नहीं निकल पाता। रोली का कहना है कि सरकार से मिलने की उनकी इच्छा है ताकि वे अपनी पीड़ा सीधे बता सकें। उन्होंने कहा कि 11 तारीख को जो फैसला आना है, उसमें हमें सिर्फ और सिर्फ फांसी का फैसला सुनना है। यही हमारे परिवार की अंतिम उम्मीद है।