नगर पंचायत रुपईडीहा में राष्ट्रीय राजमार्ग-927 के किनारे बने नालों के पानी की निकासी की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा मामले को संज्ञान में लिए जाने के बाद नेशनल हाईवे विभाग ने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य आरंभ कर दिया है। पूर्व भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य एवं सभासद रतन अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्र में नालों का निर्माण होने के बावजूद पानी के समुचित निकास की व्यवस्था नहीं होने से बरसात के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती थी। इस समस्या को सांसद आनंद गोंड के माध्यम से केंद्रीय मंत्री तक पहुंचाया गया था। मंत्री कार्यालय से प्राप्त जवाब में मामले को संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजे जाने की जानकारी दी गई थी। इसी क्रम में नेशनल हाईवे विभाग के इंजीनियर विपुल श्रीवास्तव एवं आलोक कुमार की अगुवाई में नाले के अंडर क्रॉस रोड जल निकासी निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है। इस कार्य के पूरा होने के बाद नालों का पानी सड़क के दूसरी ओर सुचारु रूप से निकल सकेगा, जिससे जलभराव की समस्या में काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। रतन अग्रवाल ने कहा कि यह कार्य क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होने पर बरसात के मौसम में लोगों को जलभराव, आवागमन में बाधा तथा गंदगी से होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी। स्थानीय लोगों ने भी जल निकासी कार्य शुरू होने पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए सकारात्मक कदम बताया है। अब नागरिकों की निगाहें कार्य की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता पर टिकी हैं, ताकि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।