जाड़े के मौसम की शुरुआत के साथ ही भारत–नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र के जमुनहा और नेपालगंज (बांके) बाजारों में विदेशी जैकेट की बिक्री जोर पकड़ चुकी है। बाजारों में चीन, कोरिया और नेपाल निर्मित जैकेटों की भारी मांग दिखाई दे रही है, जिनमें सबसे अधिक ग्राहक भारतीय खरीदार हैं। जैकेट विक्रेता रामू ने बताया कि उनके यहाँ बिकने वाले 99 प्रतिशत जैकेट भारतीय ग्राहक खरीदते हैं। सीमावर्ती बाजारों में दोनों देशों के लोगों की आवागमन से व्यापार को विशेष बढ़ावा मिलता है। जैसे गर्मियों में नेपाली ग्राहक भारतीय सीमा क्षेत्र में सामान खरीदने आते हैं, वैसे ही ठंड के दिनों में भारतीय ग्राहक बड़ी संख्या में नेपाली बाजारों में जैकेट, कम्फर्टर और ऊनी वस्त्र खरीदने पहुंचते हैं। पड़ताल के दौरान जमुनहा बाजार में राकेश कुमार और बाबागंज के नदीम खान विदेशी जैकेट पसंद करते दिखाई दिए। दुकानदार रामू ने बताया कि उनके यहां जैकेट 1000, 1200, 1500, 2000 और 3000 रुपये तक की कीमत में भारतीय मुद्रा में उपलब्ध हैं। ग्राहकों ने बताया कि ये जैकेट हल्की होने के साथ-साथ अत्यधिक गर्माहट देती हैं। मोटरसाइकिल से यात्रा करने वालों के लिए ये विशेष रूप से उपयोगी हैं क्योंकि पहनते ही शरीर को पर्याप्त गर्मी मिलती है और ठंडी हवा से बचाव हो जाता है। सीमावर्ती बाजारों में बढ़ती भीड़ से स्पष्ट है कि जाड़े ने दस्तक दे दी है और विदेशी ऊनी वस्त्रों की मांग इस मौसम में स्थानीय व्यापार को खासा सहारा दे रही है।