शहर के महिला पीजी कॉलेज में अमर उजाला की ओर से शुक्रवार को अपराजिता अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विशेषज्ञ के रूप में किसान पीजी कॉलेज की गृह विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. तस्नीम फातिमा जैदी तथा महिला पीजी कॉलेज की संगीत विभाग की प्रभारी तथा एनएसएस की कार्यक्रमाधिकारी डॉ. अमृता मिश्रा ने छात्राओं के ज्वलंत सवालों का बेबाकी से जवाब दिया। कार्यक्रम में डॉ.जैदी ने कहा कि शिक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता ही महिला सशक्तिकरण की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का तरीका बताया। संवाद सत्र के दौरान छात्राओं ने सुरक्षा, सम्मान तथा भविष्य निर्माण से संबंधित अनेक सवाल किए जिसका विशेषज्ञ डॉ. जैदी ने उत्तर दिया। कुछ छात्राओं ने समस्याओं पर आधारित प्रश्न पूछे जबकि कुछ ने कॅरियर तथा सामाजिक सुरक्षा से संबंधित मुद्दे उठाए। कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर प्रिया मुखर्जी, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव, डॉ. सरिता यादव,मनीषा गुप्ता तथा डॉ. रीमा शुक्ला का विशेष सहयोग रहा। आत्मनिर्भरता से रूकेगा अत्याचार छात्रा मुस्कान नाग ने कहा कि समाज में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है। इसे कैसे रोका जा सकता है। इस सवाल के जवाब में कहा गया कि आत्मनिर्भरता ही एक ऐसा माध्यम है जिससे अत्याचार रुक सकता है। हर महिला को आत्मिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना चाहिए जिससे कोई उसकी मजबूरी का फायदा न उठाने पाए। घरेलू हिंसा पर अंकुश कैसे लगाए छात्रा शहिना खान ने सवाल किया कि घरेलू हिंसा पर कैसे अंकुश लगाया जा सकता है। इस पर जवाब रहा कि घरेलू हिंसा के खिलाफ वर्ष 2005 से ही कानून बनाया गया है। यदि महिलाएं जागरूक हैं तो वे किसी भी प्रकार की हिंसा को सहने के बजाए पहले चेतावनी दें उसके बाद कानून का सहारा लें। जबरन विवाह रोकने का क्या उपाय है छात्रा शिखा सिंह का सवाल था कि प्राय: अभिभावक बेटियों का विवाह जल्दी कर देना चाहते हैं इसे कैसे रोका जा सकता है। इस पर विशेषज्ञ का जवाब था कि पहला प्रयास अभिभावकों का विश्वास जीतना है। यदि आपके सही रास्ते पर होने के बावजूद भी दबाव कायम है तो जागरूकता का प्रदर्शन करते हुए कानून और समाज के संभ्रांत लोगों का सहारा लेना चाहिए। यदि कोई हमें परेशान करे तो क्या करना चाहिए छात्रा ताबा इल्लीन का कहना है कि यदि हम सही हैं फिर भी हमें कोई परेशान करे तो क्या करना चाहिए। इस पर बताया गया कि ऐसे हालातों में बिना समय गंवाए पहले परेशान करने वाले को कड़े शब्दों में चेतावनी देनी चाहिए फिर भी यदि उसकी हरकत नहीं रुकती है तेा वूमेन पॉवर लाइन का इस्तेमाल करें। अभिभावकों को भी स्थिति से अवगत कराएं।