फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video : बहराइच...नववर्ष 2026 के स्वागत को सजा नेपालगंज, भारतीय पर्यटकों के लिए विशेष तैयारियां

भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे नेपाल के प्रमुख शहर नेपालगंज में नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर उत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। सीमावर्ती शहर होने के कारण हर वर्ष बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक नए साल का जश्न मनाने नेपालगंज पहुंचते हैं। बहराइच, लखनऊ, कानपुर, सीतापुर सहित आसपास के जिलों से पर्यटकों के आगमन को देखते हुए इस बार भी शहर को विशेष रूप से सजाया-संवारा जा रहा है। नेपाल एसोसिएशन ऑफ टूर एंड ट्रैवल बांके के फाउंडर प्रेसिडेंट श्री राम सिकडेल ने बताया कि 31 दिसंबर की रात नेपालगंज के विभिन्न होटलों, रिसॉर्ट्स और सार्वजनिक स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव संगीत और मनोरंजन से जुड़े आयोजन होंगे। होटल प्रबंधन और आयोजन समितियों ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। शहर के प्रमुख होटल, रेस्टोरेंट और बाजार क्षेत्र आकर्षक सजावट और रोशनी से जगमगा उठे हैं, जिससे पूरे शहर में उत्सव का माहौल बन गया है। न्यू ईयर को लेकर नेपालगंज के होटलों में अग्रिम बुकिंग तेजी से हो रही है। पर्यटन और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों के अनुसार उत्तर प्रदेश के बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी और बलरामपुर सहित अन्य जिलों से बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की संभावना है। पर्यटकों की सुविधा के लिए ठहरने और खानपान की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है। होटलों और रेस्टोरेंट में नेपाली व्यंजनों के साथ-साथ भारतीय स्वाद के अनुरूप भोजन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। शाकाहारी और मांसाहारी दोनों प्रकार के विकल्प उपलब्ध रहेंगे। नेपालगंज स्थित बागेश्वरी मंदिर, ठाकुरद्वारा रिसॉर्ट, कर्णाली, बबई रिसॉर्ट, गुरासे और गाबर वैली होम स्टे जैसे पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की खास रुचि देखी जा रही है। संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है। प्रमुख आयोजन स्थलों, होटलों और बाजार क्षेत्रों में निजी सुरक्षा के साथ स्थानीय प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कुल मिलाकर नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर नेपालगंज में रौनक बढ़ गई है और सीमावर्ती क्षेत्र में नए साल के जश्न को लेकर खास उत्साह और उल्लास का माहौल बनता नजर आ रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें