कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बदरौली के मजरा भगतराम पुरवा में सोमवार को दोपहर बाद 5 वर्षीय चांदनी घर के आंगन में खेल रही थी, तभी अचानक घर में घुसा भेड़िया बच्ची को अपने जबड़े में दबोचकर खेत की ओर ले भागा। ग्रामीणों ने पीछा कर किसी तरह छुड़ाया, घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बालिका की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़े और भेड़िये का पीछा किया। करीब 200 मीटर दूर धान के खेत में भेड़िया बच्ची को छोड़कर पास के गन्ने के खेत में घुस गया। इस दौरान बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। वन विभाग की टीम और कैसरगंज पुलिस मौके पर पहुंचकर कॉम्बिंग और जाल लगाकर भेड़िये को पकड़ने का प्रयास कर रही है। रेंजर ओंकारनाथ यादव ने बताया कि मौके पर भेड़िये के पग चिन्ह भी मिले हैं और ग्रामीणों की जानकारी के अनुसार, हमला करने वाले भेड़िये दो थे, जो गन्ने के खेत में घुस गए। गौरतलब हो कि कि भेड़िया पहले भी गांव के आसपास दो बुजुर्गों सहित छह लोगों पर हमला कर चुका है, जबकि अब तक 22 लोग घायल हो चुके हैं। गांव में इस घटना के बाद दहशत और भय का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और बच्चों को अकेले बाहर न निकलने की हिदायत दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से भेड़िये की तलाश जुटी है।