बहराइच में रविवार सुबह शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक स्वच्छता की तस्वीर देखने को मिली, जब पुलिस अधीक्षक आरएन सिंह की अगुवाई में जनपद में प्लास्टिक सफाई एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एसपी और एएसपी स्वयं मैदान में उतरे और सहयोगियों के साथ झाड़ू उठाकर प्लास्टिक कचरा हटाया, जिससे लोगों में स्वच्छता को लेकर उत्साह देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर अशोक कुमार सिंह और ईओ प्रमिता सिंह के साथ शहीद पार्क बहराइच तथा थाना कोतवाली नगर के पीछे स्थित आवासीय परिसर में पहुंचकर स्वयं श्रमदान किया और अभियान की कमान संभाली। स्वच्छता अभियान में थाना स्तर, पुलिस लाइन और विभिन्न कार्यालयों से गठित 84 टीमें एक साथ मैदान में उतरीं। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों, सड़कों, पार्कों और अन्य चिन्हित स्थानों पर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने श्रमदान कर प्लास्टिक अपशिष्ट की साफ-सफाई की। इस दौरान आमजन को स्वच्छता अपनाने, प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों से बचने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस मौके पर एसपी ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों में भी बराबर की भागीदार है। स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए पुलिस, स्थानीय निकाय और आम नागरिकों की संयुक्त भागीदारी जरूरी है। सभी के सहयोग से ही प्लास्टिक मुक्त बहराइच का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।