प्रयागराज में चल रहे माघ मेला को लेकर बहराइच के रुपईडीहा क्षेत्र से श्रद्धालुओं की दैनिक आवाजाही लगातार बनी हुई है। इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में औसत बताई जा रही है। प्रतिदिन लगभग 150 से 200 श्रद्धालु प्रयागराज के लिए रवाना हो रहे हैं। शुक्रवार को 10 बसें भेजी गई थीं, जबकि आज अब तक 3 बसें प्रयागराज के लिए रवाना हो चुकी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रुपईडीहा रोडवेज डिपो ने बस सेवाओं को न केवल सुचारू रखा है, बल्कि संचालन व्यवस्था में भी कई सुधार किए हैं। डिपो प्रभारी एआरएम राम सूरत सुमन ने बताया कि माघ मेला संचालन के लिए कुल 30 बसें लगाई गई हैं और आवश्यकता के अनुसार प्रतिदिन 3 से 5 बसें चलाई जा रही हैं। भीड़ बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त बसें तुरंत भेजने की पूरी तैयारी है। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। टिकट वितरण से लेकर बसों के प्रस्थान तक सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया गया है, ताकि किसी यात्री को प्रतीक्षा न करनी पड़े, नेपालगंज से भी श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो रहा है। डिपो द्वारा एक मॉनिटरिंग टीम भी गठित की गई है, जो मार्ग में बसों की स्थिति और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं पर नजर रख रही है। साथ ही संभावित भीड़ को देखते हुए रात्रि बस सेवा की योजना भी तैयार की गई है। यात्रियों का कहना है कि इस बार बसों की समयबद्ध उपलब्धता और बेहतर प्रबंधन के कारण प्रयागराज की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुविधाजनक हो गई है।