जिला बहराइच की साइबर पुलिस ने साइबर क्राइम का बड़ा खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से बैंक के दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट सहित फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। तमिलनाडु पुलिस ने साइबर क्राइम का एक मुकदमा लिखकर बहराइच पुलिस को फ्राड की जानकारी दी थी। वहीं दूसरी तरफ अंकित वर्मा नाम के शख्स द्वारा 40 लाख रुपये खाते में अचानक बढ़ने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया गया था। इस मामले पर जांच करते हुए साइबर पुलिस ने रिसिया थाना क्षेत्र से सरगना दाऊद समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से हुई पूछताछ में पता चला कि इन आरोपियों के द्वारा तमिलनाडु से एक करोड़ 85 लाख रुपये ट्रांसफर कर ठगी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया था। फिलहाल करोड़ो की साइबर ठगी करने वाले 6 आरोपी दाऊद, सिराज, रवि, मोहम्मद वसी, सुहेल खान एवं अनिल वर्मा को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।