बहराइच में रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर उदल ग्राम पंचायत के मजरे रामनगर में रविवार की रात हुए सामूहिक हत्याकांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पारिवारिक विवाद ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि बेटे ने ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद से गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है। मंगलवार को सुरक्षा घेरे में घटनास्थल का पुनर्निर्माण कर घायल दोनों भाइयों को घर लाकर पुलिस ने पूछताछ की, इसके बाद आरोपी भाई को पुलिस ने हिरासत में लेकर सीजेएम कोर्ट पर प्रस्तुत किया वहां से उसे जेल भेज दिया गया। सामूहिक हत्याकांड के बाद सोमवार को देर रात तक पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घर के भीतर व आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। एहतियातन घटनास्थल को सील कर दिया गया, ताकि कोई महत्वपूर्ण सबूत नष्ट न हो सके। मंगलवार को अस्पताल में भर्ती वादी गुरुदेव उर्फ नागा को कड़ी सुरक्षा के बीच गांव लाया गया। पुलिस ने उनसे घटनास्थल का पुनर्निर्माण कराया और घटना के समय की परिस्थितियों, पारिवारिक विवाद तथा पूरे घटनाक्रम के बारे में विस्तार से पूछताछ की। पूछताछ के बाद उन्हें पुनः घर छोड़ दिया गया। वहीं दूसरे आरोपी निरंकार को पुलिस रिमांड पर लेकर थाना लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की गई। स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उसे सीजेएम न्यायालय, बहराइच भेजा गया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में संपत्ति को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद सामने आया है। मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।