यूपी के बहराइच में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चरदा में मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि मनोचिकित्सक डॉक्टर विजित जायसवाल, मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता हरीश कुमार, कम्युनिटी नर्स सीमा, अजय प्रताप सिंह एवं मुकेश कुमार, बीपीएम अबु स्वालेह सिद्दीकी, टिंकू आर्य उपस्थित रहे। शिविर में क्षेत्र के अनेक मरीजों ने मनोचिकित्सक डॉक्टर विजित जायसवाल से जांच कराकर उपचार एवं परामर्श प्राप्त किया। डॉक्टर विजित जायसवाल ने बताया कि सरकार द्वारा एक वर्ष में आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर इस प्रकार के कैंप आयोजित किए जाते हैं। इनमें वह नियमित रूप से सेवाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि मरीज को दोबारा परामर्श या उपचार की आवश्यकता हो तो जिला अस्पताल स्थित पुरानी सीएमओ बिल्डिंग में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को आकर परामर्श व दवाएं प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य रूप से नींद न आना, चिंता, घबराहट, तनाव, डिप्रेशन, मिर्गी, बेहोशी जैसी मानसिक समस्याओं से ग्रस्त मरीज इस शिविर का लाभ ले सकते हैं। साथ ही उन्होंने चिंता जताई कि आज के युवा मोबाइल के अत्यधिक उपयोग और एआई के प्रभाव से भी मानसिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। डॉक्टर विजित जायसवाल ने यह भी जानकारी दी कि सरकार द्वारा टेली मानस सेवा के तहत टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 संचालित किया जा रहा है, जिस पर फोन करके लोग मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित परामर्श और सहायता प्राप्त कर सकते हैं। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया।