यूपी के बहराइच में नानपारा-लखीमपुर हाईवे पर शुक्रवार को दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद गाड़ी में लदा तेल सड़क पर फैल गया। हाईवे फिसलन भरी पट्टी में तब्दील हो गया। हादसे में एक ट्रक के क्लीनर की केबिन में दबकर मौत हो गई। जबकि, कई बाइक सवार तेल की फिसलन में फिसलकर गिरने से घायल हो गए। घटना के बाद हाईवे पर घंटों यातायात प्रभावित रहा। बताया गया कि बिहार के रक्सौल से हापुड़ जा रहा ट्रक शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे रायबोझा पुलिया के पास अचानक अनियंत्रित हो गया। वह सामने से बिहार की ओर गिट्टी लेकर जा रहे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के समय एक ट्रक में मौजूद क्लीनर सुहेद (28) केबिन में फंस गया। आसपास मौजूद लोग उसकी चीख सुनकर दौड़े। लेकिन, जब तक उसे बाहर निकाला जा सका, उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सूचना पर सीओ प्रद्युम्न सिंह और मोतीपुर थानाध्यक्ष आनंद चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद केबिन काटकर क्लीनर का शव बाहर निकाला गया। इस दौरान हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही।