यूपी में बहराइच का महसी इलाका एक बार फिर खूंखार जंगली जानवरों की आहट से थर्राने लगा है। हमले में दो महीने में दो बच्चों की मौत हो चुकी है। जबकि, दो घायल हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत है। वह जाग-जागकर रात काट रहे हैं। ताजा घटना भी महसी इलाके के खमरिया हरदो पट्टी गांव की है। यहां मां के साथ आंगन में सो रहे 12 वर्षीय बालक अमन को जंगली जानवर ने हमला बोल दिया। वह बालक को जबड़े में दबोच पाता, इससे पहले बालक के चिल्लाने की आवाज सुन घर के लोग जग गए। परिजनों के शोर मचाने और कुत्तों के भौंकने से जानवर फरार हो गया। घरवालों ने घायल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां उसका इलाज किया जा रहा है। घरवालों नवे बताया कि भेड़िये ने हमला किया था। बताते चलें कि अभी दो दिन पहले हरदो पट्टी से चार किमी दूर एक गांव में भेड़िये ने दस्तक दी थी। मां के साथ सो रहे बालक को भेड़िया उठा ले गया। गन्ने के खेत में उसे निवाला बना लिया था। लोगों का कहना है कि घटनाओं के बाद भी वन विभाग ग्रामीणों को गुमराह कर रहा है। इस पर आक्रोशित ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। इस इलाके में पिछले साल महिला समेत 10 बच्चों की मौत हुई थी। इस साल अब तक दो बच्चों की मौत हो चुकी है। जबकि, दो घायल हो चुके हैं। इसके बाद भी वन विभाग निष्क्रिय बना हुआ है। लगातार हो रही घटनाओं को ग्रामीण दहशत में हैं।