यूपी के बहराइच में नगर कोतवाली इलाके में अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में हत्या के प्रयास की धारा न लगाए जाने से नाराज अधिवक्ताओं ने शुक्रवार रात सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट चौराहे पर बौद्ध परिपथ मार्ग करीब आधे घंटे तक जाम रहा। इससे यातायात प्रभावित हो गया। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त किया। शहर के वशीरगंज निवासी अधिवक्ता आशीष कुमार त्रिवेदी शुक्रवार शाम कचहरी से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में ई-रिक्शा हटाने को लेकर विवाद के बाद कुछ लोगों ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। अधिवक्ता के अनुसार, हमलावर घर तक पहुंच गए और उनकी मां तथा बेटी के साथ भी मारपीट की। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर के बावजूद पुलिस ने हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं न लगाने और हल्की धाराओं में कार्रवाई किए जाने से अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। देर रात करीब आठ बजे बड़ी संख्या में अधिवक्ता कलेक्ट्रेट चौराहे पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी। सूचना पर सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले की पुनः जांच कर उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने का आश्वासन दिया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। सीओ नारायण दत्त मिश्रा का कहना है कि तहरीर में लगाए गए आरोपों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।