बहराइच में गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के अंतर्गत शुक्रवार को क्षेत्र के अति पिछड़े गांवों में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। छठवीं स्वास्थ्य सेवा यात्रा के दौरान डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम ने रामनगर गुलरिहा, सावलगांव, धनकुट्टी, बेलवाभारी, इटहवा, सिरसिया, जमदान और फुलटकरा सहित कई गांवों में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की। इस शिविर में लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, केजीएमयू सहित अन्य मेडिकल कॉलेजों से आए चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया। रामनगर गुलरिया में डॉ. सत्यम, डॉ. रवि रंजन, डॉ. सचिन और डॉ. राम दयाल ने मरीजों की जांच की। डॉ. सत्यम ने बताया कि क्षेत्र में अधिकांश मरीजों में विटामिन की कमी पाई गई है। साथ ही दूषित पेयजल के कारण पेट संबंधी बीमारियों के मरीज भी बड़ी संख्या में सामने आए हैं। कार्यक्रम के संचालन में जिला संयोजक इंद्र बहादुर सहित कई कार्यकर्ताओं का सक्रिय सहयोग रहा। स्वास्थ्य सेवा यात्रा का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ और पिछड़े इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।