फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहराइच में 8 करोड़ की लागत से निर्मित सीएचसी बना शोपीस, चिकित्सक कक्ष से मिली शराब की बोतल

बहराइच में सीएचसी, सेमरा विशेश्वरगंज में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित चिकित्सालय की हकीकत शुक्रवार को लाइव चेक में सामने आई। करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाएं केवल कागजों तक ही सीमित नजर आईं। अस्पताल परिसर में केवल एक अनुचर मौजूद मिला, जबकि अधीक्षक समेत आठ कर्मचारियों की यहां तैनाती बताई जाती है। यही नहीं चिकित्सक कक्ष में रखी टेबल के रैक से शराब की एक बोतल मिली। वहीं खिड़की के पास रखे भगवान शंकर के चित्र के बगल में शराब का गिलास भी रखा मिला। जब इस संबंध में मौके पर मौजूद अनुचर दुर्गेश से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति के संबंध में भी उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में चौकीदार के अलावा कोई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आता। इसके बावजूद उपस्थिति पंजिका में सभी कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति दर्ज कर दी जाती है। मामले में अधीक्षक डॉ. उपेंद्र कुमार से फोन पर संपर्क कर उनकी अनुपस्थिति के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वह गुरुवार को आयकर रिटर्न दाखिल करने के लिए जिला मुख्यालय गए थे। ग्रामीण शिवा सिंह ने बताया कि इतने बड़े अस्पताल के बनने के बावजूद क्षेत्रवासियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। किसी के बीमार होने पर उन्हें करीब पांच किलोमीटर दूर गंगवाल जाकर निजी अस्पताल में इलाज कराना पड़ता है। वहीं ग्रामीण अरविंद ने कहा कि अस्पताल बनने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, लेकिन आज भी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं और अस्पताल केवल भवन बनकर रह गया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें