बागपत के रटाैल थानाक्षेत्र में ललियाना गांव के किसानों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। चार हफ्तों से टूटे पड़े बिजली के तार और नलकूप ठप होने से परेशान किसानों ने चमरावल बिजलीघर पर जबरदस्त प्रदर्शन और हंगामा किया। किसानों का आरोप है कि बिजलीकर्मी तार जुड़वाने के बदले उनसे चार हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। यही नहीं, मोबाइल पर बातचीत की एक ऑडियो क्लिप भी सामने आई है, जिसमें कथित तौर पर एक बिजलीकर्मी चार खंभों के तार जोड़ने की एवज में पैसे मांगता सुनाई दे रहा है। गांव में एक महीने पहले आई आंधी के कारण जंगल क्षेत्र में बिजली के खंभे और तार टूट गए थे, जिससे चार नलकूप बंद पड़े हैं। किसानों की गन्ना, ज्वार और सब्जियों की फसल सूखने की कगार पर पहुंच चुकी है। प्रदर्शन करने पहुंचे किसानों में सुभाष, कृष्णा देवी, राजकुमार, संदीप, सन्नी, आकाश, संगीता, लोकेन्द्र और दीपक प्रमुख रूप से शामिल रहे। उन्होंने उच्चाधिकारियों से मांग की कि तत्काल टूटे तार जोड़े जाएं और दोषी बिजलीकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस मामले ने गांव में प्रशासनिक लापरवाही और कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसान साफ कह रहे हैं। अगर अब भी कार्रवाई न हुई, तो आंदोलन और उग्र होगा।