बागपत जनपद के पुरा के परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पर बृहस्पतिवार को कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। वहां सुबह से भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की दो किमी लंबी लाइन लगी रही। मंदिर में मंगलवार को दो लाख से ज्यादा भक्तों ने जलाभिषेक किया। पुरा महादेव मंदिर में चल रहे चार दिवसीय श्रावणी मेले में दूसरे दिन कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर में त्रयोदशी का जलाभिषेक करने के लिए सुबह से लाइन लगनी शुरू हो गई थी। कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की लाइन परशुराम खेड़ा तक पहुंच गई और वहां लाइन में लगने के बाद पांच घंटे में जलाभिषेक का नंबर आया। इसके बाद ही हरिद्वार से गंगाजल लेकर आए लाखों कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया।