बागपत। बड़ौत नगर के पट्टी चौधरान की रहने वाली युवती का रिश्ता टूटने पर बिचौलिए सोमपाल सैनी व उनके दामाद सोनू को समझौते के लिए बुलाकर मारपीट की गई। इसमें शिकायत मिलने पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नगर की पट्टी मेहर निवासी सोमपाल सैनी ने बताया कि उसने अपने दामाद सोनू के भाई अंकित से पड़ोस में रहने वाले राजवीर की लड़की का रिश्ता तय कराया था। मगर मनमुटाव होने के कारण रिश्ता टूट गया। राजवीर पक्ष ने समझौता कराने के लिए दो दिन पहले उन्हें व उनके दामाद सोनू को नगर की छपरौली चुंगी के पास बुलाया। आरोप है कि वहां पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस के अनुसार राजवीर, रमेश, राजेश, सुमित व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।