बागपत के बालैनी क्षेत्र के दत्तनगर गांव में पुलिस ने एक खाली मकान पर छापा मारकर अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री बनाने के मामले का खुलासा किया। पुलिस ने मौके से करीब 150 किलोग्राम तैयार सुतली बम, 25 किलोग्राम अधबने सुतली बम और 45 किलोग्राम उच्च तीव्रता वाला विस्फोटक पदार्थ बरामद किया। इसके अलावा बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले गत्ते के खोल, सुतली की रील, अखबारी कागज और पलीता समेत अन्य सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस ने रिजवान पुत्र खलील निवासी लतीफपुर-दत्तनगर को नामजद करते हुए दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों अज्ञात आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच और फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।