आस्था, संस्कार और पिता के प्रति समर्पण की अनूठी मिसाल शुक्रवार को बागपत में देखने को मिली। दिल्ली के बवाना स्थित जेजे कॉलोनी निवासी पूजा, शिवानी, नंदनी, नितिन और सबसे बड़े भाई विशाल हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर बागपत पहुंचे। भाई-बहनों ने बताया कि वे अपनी मां सीमा के साथ स्वर्गीय पिता रामवीर की तस्वीर का गंगाजल से अभिषेक करेंगे। उन्होंने बताया कि उनके पिता की अंतिम इच्छा थी कि उनके बेटे और बेटियां हरिद्वार से गंगाजल लाकर उन्हें गंगाजल से स्नान कराएं। पिता के निधन के बाद अब पूरा परिवार उनकी इसी इच्छा को पूरा करने के लिए कांवड़ यात्रा पर निकला है।