बागपत जनपद में कोर्ट रोड पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा उस समय टल गया जब पूर्ति विभाग में कार्यरत लिपिक गजेंद्र अपनी दो कर्मचारियों के साथ कार से कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान ईंटों से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक चालक कार को करीब 20 से 25 मीटर तक घसीटता ले गया। शोर मचने पर चालक ट्रक को बीच सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। लिपिक गजेंद्र ने बताया कि गनीमत रही कि कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद कोर्ट रोड पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लिया और बाद में फरार चालक को भी हिरासत में ले लिया गया। हादसे को लेकर अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों की लापरवाही और तेज गति पर नाराज़गी जताई।