बड़ौत में गुरुवार को तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने पीपीई मॉडल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला और रजिस्ट्री कार्यालय में तालाबंदी कर दी। अधिवक्ताओं ने इस मॉडल को वापस लेने की मांग की और कहा कि सरकार की यह योजना अधिवक्ताओं के हितों के विरुद्ध है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पीपीई मॉडल लागू होने से अधिवक्ताओं की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि वे इस योजना को किसी भी सूरत में लागू नहीं होने देंगे और विरोध लगातार जारी रहेगा। साथ ही, अधिवक्ताओं ने जल्द ही एक बड़ी बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय करने की बात कही। इस विरोध को दस्तावेज लेखकों का भी समर्थन मिला है। मौके पर धर्मवीर तोमर, हरीश दांगी, अमित शर्मा, जीतेंद्र कुमार, गुलशन कुमार सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।