निजामाबाद थाना क्षेत्र के खिल्लूपुर बाजार के पास देशी शराब की दुकान खुली है, जिसके विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार को विरोध-प्रदर्शन किया। जानकारी मिलते ही निजामाबाद थाने की पुलिस पहुंची। इसकी सूचना आबकारी विभाग के अधिकारियों को मिली तो वह भी पहुंच गए। सभी मिलकर ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे लेकन ग्रामीण कुछ सुनने को तैयार ही नहीं थे। आबकारी विभाग की ओर से ई-लॉटरी कराई गई थी। टेंडर प्रक्रिया के बाद दुकानों का आवंटन भी हो गया। मंगलवार को निजामाबाद के खिल्लूपुर बाजार के करीब 50 अंदर दलित बस्ती के पास देशी शराब की नई दुकान खुली। उद्घटना के बाद से ही ग्रामीणों में आक्रोश हो गया। धीरे-धीरे ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरु कर दिया। इसके बाद बुधवार की सुबह करीब 10 बजे सैकड़ों की संख्या में महिलांए व पुरुष विरोध-प्रदर्शन शुरु कर दिए। मामले की जानकारी होते ही निजामाबाद थाने की पुलिस, एसडीएम अतुल कुमार गुप्ता व आबकारी इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को समझाकर एसडीएम व थानाध्यक्ष चले गए। एसडीएम ने कहा कि यदि दुकान मानक में है तो यहीं पर खुलेगी। मौके पर निजामाबाद थाने की पुलिस अभी भी मौजूद है। वहीं, ग्रामीण दुकान को हटाने की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों की किसी भी बात को सुनने को वह तैयार नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से यहां पहले भी जो ठेका था वह 24 घंटा चलता था। महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकान गांव के पास है। यहां पर शराबियों का जमावड़ा हर लगा रहता है। ऐसे में गांव के बच्चों पर भी इसका बुरा प्रभाव पड़ेगा। इतना ही नहीं इस रास्ते से गुजर रही छात्रा व महिलाओं के साथ शराबी आएदिन छींटाकशी करते हैं। जबकि यहां से मात्र 100 से 150 मीटर दूरी पर प्राथमिक विद्यालय, इंटर कालेज व डिग्री कालेज भी हैं। इसके बाद भी यहां शराब की दुकान खोली जा रही है।