थाना गंभीरपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत गौरी दलित बस्ती में मकान निर्माण को लेकर विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता ने पूर्व प्रधान के खिलाफ गंभीरपुर थाने में तहरीर दी है। उक्त घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। गौरी निवासी रीना पत्नी राजकुमार ने बताया कि वह अपने बाउंड्री के अंदर मकान बनवा रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के पूर्व प्रधान सफदर मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। पीड़िता का आरोप है कि पूर्व प्रधान ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और मारपीट की। घटना के दौरान महिला के साथ मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस संबंध में गंभीरपुर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि एक दिन पूर्व यह मामला सामने आया था। पूर्व प्रधान सफदर द्वारा महिला के साथ मारपीट को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों का चालान कर दिया गया है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है। पुलिस मामले की निगरानी कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।