महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि सैनिकों की मांग के अनुरूप अयोध्या में वॉर मेमोरियल का निर्माण करने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। पूर्व सैनिकों व शहीदों के गृह कर और जल कर को माफ करने पर विचार किया जाएगा। शहीद शशांक तिवारी के स्वजन की सहमति के आधार पर उनकी प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी। उनके घर के आसपास की सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। महापौर मंगलवार को सर्किट हाउस में अगस्त क्रांति के मौके पर पूर्व सैनिकों से संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि देवकाली अंडरपास का नामकरण जगदंबा प्रसाद पांडेय के नाम पर करने का प्रस्ताव नगर निगम बोर्ड की बैठक में पास कराया जाएगा। महापौर ने सिविल लाइंस पेट्रोल पंप तिराहे पर स्थित शहीद स्मारक के रखरखाव की जिम्मेदारी पूर्व सैनिकों को देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही राम की पैड़ी और चौक में ऊंचा राष्ट्र ध्वज स्थापित किया जाएगा। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने सैनिकों के कार्यक्षमता की तारीफ की। उन्हें नगर निगम से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निदान का भरोसा दिया। नई पीढ़ी से सैनिकों के आदर्श से प्रेरित होने का आह्वान किया।