उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन आठ जून से 10 जून तक किया जाएगा। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अयोध्या परिक्षेत्र के पांच जिलों में कुल 59 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 30,500 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। डीआईजी सोमेन बर्मा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी तथा हर परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी, जिससे अभ्यर्थियों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सके। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित जिलों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया गया है।