उत्तर प्रदेश के श्रम व रोजगार मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि अयोध्या आना हर किसी के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय होता है। उन्होने कहा कि जब लोग सवाल करते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश सरकार ने क्या किया है तब हम जवाब देते हैं कि सनातन का झंडा इतना मजबूती से भाजपा की सरकारों ने गाड़ा है कि हजारों वर्षों तक इसे कोई हिला भी नहीं सकता है। श्रम व रोजगार मंत्री मंगलवार को अयोध्या आए थे। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। मंत्री ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि श्रद्धा का सैलाब लोगों की जनभावना के रूप में अयोध्या की सड़कों पर दिख रहा है। बीते दिनों सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दिए जाने के सवाल पर कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र में जब आप जनता की लड़ाई लड़ते हैं तब चुनौतियों का भी सामना करना पड़ता है। हम जैसे लोग इन बातों की कोई परवाह नहीं करते हैं। हम जैसों पर जनता का आशीर्वाद और हनुमान जी की कृपा है। फिर ऐसी बातों से क्या डरना और क्या घबराना।