सरयू नदी का जलस्तर लगातार तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को नदी चेतावनी निशान से मात्र सात सेंटीमीटर नीचे पहुंच गई, जबकि खतरे के निशान से इसकी दूरी 80 सेंटीमीटर रह गई है। जलस्तर में लगातार वृद्धि से तटीय क्षेत्रों में हलचल बढ़ गई है और लोगों की चिंता भी बढ़ने लगी है। संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर राहत एवं बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व, सिंचाई और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार जलस्तर की निगरानी कर रही हैं। संवेदनशील गांवों पर विशेष नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाने तथा किसी भी आपातस्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।